पुलिस अधीक्षक हजारीबाग के निर्देश पर बुधवार रात जिलेभर में अड्डेबाजी और मनचले व्यक्तियों के खिलाफ विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षक और पुलिस निरीक्षकों ने किया।हजारीबाग पुलिस द्वारा चलाए गए इस अभियान में जिले के सभी थाना प्रभारियों की मौजूदगी में कुल 39 टीमें गठित की गई थीं। अभियान में 176 पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल रहे।गठित टीमों ने जिलेभर में अड्डेबाजी और मनचलों के 119 संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान कुल 51 मनचले व्यक्तियों को हिरासत में लेकर थाना लाया गया।पुलिस ने सभी को पीआर बांड पर छोड़ते हुए कड़ी हिदायत दी कि भविष्य में ऐसी गतिविधियों में शामिल पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।हजारीबाग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों की सुरक्षा के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि उनके इलाके में अड्डेबाजी छेड़खानी या संदिग्ध गतिविधियां होती हैं तो इसकी सूचना तुरंत नजदीकी थाना को दें ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।