पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका क्षेत्र में धार्मिक और भक्तिमय माहौल के बीच गोपालपुर शिव मंदिर मैदान में पांच दिवसीय श्रीराम कथा का शुभारंभ किया गया। कथा प्रारंभ होने से पहले गांव में भव्य कलश यात्रा निकाली गई जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।कार्यक्रम के तहत गांव के भुरकाडीह तालाब से कुंवारी लड़कियों ने कलश में जल भरकर कार्यक्रम स्थल तक शोभायात्रा निकाली। यात्रा के दौरान श्रद्धालु जय श्रीराम के जयघोष लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे।कलश यात्रा में सामाजिक कार्यकर्ता नवरंजन भक्त बजरंग बली का पताका लेकर सबसे आगे चल रहे थे जबकि उनके पीछे सिर पर कलश लिए कुंवारी कन्याएं श्रद्धा और उत्साह के साथ शामिल थीं।कलश यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूब गया। भगवान श्रीराम के नारों से वातावरण गूंज उठा और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने यात्रा में भाग लेकर धार्मिक आयोजन को सफल बनाया।आयोजकों ने बताया कि श्रीराम कथा के माध्यम से लोगों को तनावमुक्त और आध्यात्मिक वातावरण प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है।