धनबादबाघमारा जिले में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए जब बरोरा थाना क्षेत्र के माथाबांध में दिनदहाड़े फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई।मिली जानकारी के अनुसार पुरानी रंजिश को लेकर किराना सामान लेने जा रहे रविंद्र चौहान पर आधा दर्जन युवकों ने ताबड़तोड़ गोलीबारी कर दी। चार बाइक पर सवार हमलावरों ने करीब 8 राउंड फायरिंग की। इस हमले में रविंद्र चौहान बाल-बाल बच गया हालांकि एक गोली उसके पैर को छूते हुए निकल गई।घटना माथाबांध फुटबॉल ग्राउंड के पास की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अचानक पहुंचे हथियारबंद युवकों ने रविंद्र को निशाना बनाकर गोलियां बरसाईं और फिर मौके से फरार हो गए।सूचना मिलते ही बरोरा और बाघमारा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखा और एक बाइक बरामद की है।घायल रविंद्र चौहान को बाघमारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया जहां डॉक्टरों ने बताया कि उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।रविंद्र ने बताया कि यह हमला पुरानी रंजिश का नतीजा है। होली के दौरान हुए विवाद के बाद उसने बरोरा थाना में केस दर्ज कराया था और उसी केस को वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा था।उन्होंने पुलिस पर भी लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर पहले कार्रवाई होती तो यह घटना टाली जा सकती थी।फिलहाल पुलिस हमलावरों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।