विशुनपुरा क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बीती रात चोरों ने मनोकामना ज्वेलर्स एवं बर्तन दुकान को निशाना बनाते हुए लाखों की संपत्ति चोरी कर ली जिससे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है।दुकान संचालक अजित कुमार सोनी ने बताया कि वे रात करीब 10 बजे दुकान बंद कर घर गए थे। सुबह जब दुकान खोली तो काउंटर के दराज टूटे हुए थे और सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर करीब 50 हजार रुपये नकद और लगभग 1 लाख रुपये के सोने चांदी के जेवर गायब मिले।प्राथमिक जांच में सामने आया है कि चोर दुकान के पीछे से छत के सहारे अंदर घुसे और सीढ़ी वाले कमरे का दरवाजा तोड़कर आराम से पूरी दुकान खंगाल कर फरार हो गए।गौरतलब है कि इससे पहले 24 दिसंबर को शुभ लक्ष्मी वस्त्रालय और मुन्ना ज्वेलर्स में करीब 40 लाख की चोरी हुई थी। वहीं लाल चौक के पास एक युवक से जेवर से भरा बैग लूट लिया गया था जिसका अब तक खुलासा नहीं हो सका है।लगातार तीसरी बड़ी वारदात के बाद पुलिस की कार्यशैली और रात्रि गश्ती व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।स्थानीय व्यवसायियों का कहना है कि अगर जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।इधर सूचना मिलते ही विशुनपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने जल्द मामले के खुलासे का दावा किया है लेकिन लगातार हो रही घटनाओं से लोगों का भरोसा कमजोर पड़ता जा रहा है।