जामताड़ा शहर के कोर्ट मोड़ स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा को असामाजिक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया है। घटना की जानकारी मिलते ही आदिवासी समाज के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करने लगे।जानकारी के अनुसार बीती रात असामाजिक तत्वों ने प्रतिमा स्थल का ताला तोड़ दिया। इसके बाद भगवान बिरसा मुंडा के तुनीर में लगे तीर को निकालकर क्षतिग्रस्त किया गया और धनुष भी तोड़ दिया गया।घटना की सूचना मिलने के बाद अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार एसडीपीओ विकास आनंद लागोरी और थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मनोज कुमार महतो सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंचे।एसडीओ ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि प्रतिमा को जल्द ही सुदृढ़ रूप से पुनर्स्थापित किया जाएगा और दोषियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मनोज महतो ने बताया कि चौक पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।सामाजिक कार्यकर्ता बहादुर सोरेन और विजय टुडू ने कहा कि शहर के व्यस्त इलाके में ऐसी घटना बेहद निंदनीय है। उन्होंने प्रशासन को 48 घंटे के भीतर दोषियों को गिरफ्तार करने की चेतावनी दी है।उन्होंने कहा कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो धरना सड़क जाम और आंदोलन किया जाएगा।