हजारीबाग जिले के बरही स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा में चार हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े धावा बोलकर करीब 7 करोड़ रुपये का सोना और 5 लाख रुपये नकद लूट लिया।बताया जा रहा है कि सभी अपराधियों ने अपने चेहरे ढके हुए थे एक ने हेलमेट पहन रखा था जबकि अन्य मास्क और गमछे से चेहरा छिपाए हुए थे। उनके हाथों में देशी हथियार थे।बैंक में घुसते ही अपराधियों ने कर्मचारियों के साथ मारपीट की और उन्हें कब्जे में लेकर जबरन लॉकर खुलवाया। इसके बाद सोना और कैश लेकर फरार हो गए।वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधियों ने बैंक को बाहर से बंद कर दिया जिससे कुछ समय तक घटना की जानकारी बाहर नहीं पहुंच सकी।जिस सुनियोजित तरीके से यह घटना हुई है उससे आशंका जताई जा रही है कि अपराधियों को बैंक की अंदरूनी जानकारी थी और संभवतः किसी प्रकार का अंदरूनी सहयोग भी मिला हो सकता है।गौरतलब है कि यह बैंक शाखा करीब 7-8 महीने पहले ही शुरू हुई थी। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है और अपराधियों की तलाश के लिए इलाके में सघन अभियान चलाया जा रहा है।