जामताड़ा झारखंड राज्य में चयनित 324 सहायक आचार्य अभ्यर्थियों को अब तक नियुक्ति पत्र नहीं मिलने से नाराजगी बढ़ती जा रही है। इस मुद्दे को लेकर प्रधानमंत्री 15 सूत्री कार्यक्रम के सदस्य एवं झामुमो नेता डॉ. अब्दुल मन्नान अंसारी ने सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।उन्होंने बताया कि झारखंड कर्मचारी चयन आयोग JSSC द्वारा 5 और 12 दिसंबर 2025 को कक्षा 1 से 5 और कक्षा 6 से 8 के लिए अतिरिक्त परीक्षा परिणाम जारी किया गया था। इसके बाद दिसंबर के अंतिम सप्ताह और जनवरी 2026 के पहले सप्ताह में अभ्यर्थियों की काउंसलिंग भी पूरी कर ली गई थी।डॉ. अंसारी ने कहा कि अभ्यर्थियों को उम्मीद थी कि नए साल में उन्हें नियुक्ति मिल जाएगी लेकिन चार महीने बीत जाने के बावजूद नियुक्ति पत्र नहीं मिलने से उनमें निराशा और असंतोष बढ़ रहा है।उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जिन भर्तियों का परिणाम बाद में आया जैसे लेडी सुपरवाइजर और सीडीपीओ उन्हें 21 अप्रैल को नियुक्ति पत्र दे दिया गया जबकि पहले से चयनित शिक्षकों को अब तक इंतजार करना पड़ रहा है।अभ्यर्थियों ने शिक्षा सचिव से मुलाकात कर अपनी समस्या रखी लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है।डॉ. अब्दुल मन्नान अंसारी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से अपील करते हुए कहा कि इस मामले में अविलंब संज्ञान लिया जाए और 324 सहायक आचार्यों को जल्द नियुक्ति पत्र दिया जाए। उन्होंने कहा कि इससे न सिर्फ युवाओं को न्याय मिलेगा बल्कि सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी भी दूर होगी और शिक्षा व्यवस्था में सुधार होगा।