आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जामताड़ा पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। पुलिस अधीक्षक शम्भू कुमार सिंह के निर्देश पर जिले के सभी थाना एवं पुलिस प्रतिष्ठानों की ओर से व्यापक स्तर पर फ्लैग मार्च निकाला गया।

फ्लैग मार्च का उद्देश्य आम लोगों के बीच सुरक्षा  विश्वास और भाईचारे का माहौल मजबूत करना था। इस दौरान पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने जिले के संवेदनशील क्षेत्रों  भीड़भाड़ वाले इलाकों और प्रमुख बाजारों में पैदल मार्च किया तथा लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।

पुलिस अधिकारियों ने आमजनों से पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने  अफवाहों से दूर रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बकरीद के दौरान जिले में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मजबूत रहेगी और किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।

फ्लैग मार्च के दौरान स्थानीय लोगों ने भी पुलिस प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए शांति और सौहार्द बनाए रखने में सहयोग का भरोसा दिया।