गिरिडीह में मिर्ची पाउडर डालकर बाइक छीनने का आरोप, बुलेट सवार 3 युवक फरार
गिरिडीह: मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात बाइक छिनतई का मामला सामने आया है। लेदा पानी टंकी के समीप बुलेट सवार तीन युवकों पर एक अधेड़ व्यक्ति की आंखों में मिर्ची पाउडर डालकर उसकी बाइक छीनने का आरोप है। घटना के बाद तीनों युवक बाइक लेकर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। छिनतई के शिकार व्यक्ति की पहचान भागीरथ राय (55) के रूप में हुई है। वह बेगाबाद थाना क्षेत्र के मोतीलेदा के रहने वाले बताए गए हैं। जानकारी के अनुसार, भागीरथ राय शुक्रवार रात लेदा स्थित एक भजन मंडली में आयोजित कीर्तन में शामिल होने के लिए बाइक से जा रहे थे। भागीरथ राय ने बताया कि वह पहली बार लेदा जा रहे थे, इसलिए उन्हें रास्ते की पूरी जानकारी नहीं थी। रास्ते में कोवाड़ के समीप उनकी मुलाकात बुलेट सवार तीन युवकों से हुई। उन्होंने युवकों से लेदा जाने का रास्ता पूछा। आरोप है कि युवकों ने उन्हें रास्ता बताया और इसके बाद उनकी बाइक का पीछा करना शुरू कर दिया। भागीरथ राय के अनुसार, जब वह लेदा पानी टंकी के समीप पहुंचे, तो बुलेट सवार युवकों ने उनकी बाइक को ओवरटेक कर रोकने की कोशिश की। इसके बाद आरोप है कि युवकों ने उनकी आंखों में मिर्ची पाउडर डाल दिया। आंखों में तेज जलन होने के कारण भागीरथ राय ने अपनी बाइक रोक दी। इसी दौरान आरोपियों ने दोबारा उनकी आंखों में मिर्ची पाउडर डाल दिया और मौका पाकर उनकी बाइक लेकर फरार हो गए। घटना के दौरान इलाके में अंधेरा था और आसपास जंगल का क्षेत्र होने के कारण मौके पर तत्काल कोई मदद के लिए मौजूद नहीं था। बाइक छीनने के बाद तीनों युवक बुलेट पर सवार होकर वहां से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित से घटना की जानकारी ली। पुलिस अब बुलेट सवार तीनों युवकों की पहचान करने और छीनी गई बाइक को बरामद करने के प्रयास में जुटी है। पुलिस घटना के आसपास के रास्तों और संभावित स्थानों की भी जांच कर रही है।लेदा पानी टंकी के पास दिया घटना को अंजाम
पुलिस ने शुरू की जांच















