खरसावां थाना क्षेत्र के लखनडीह गांव में शनिवार को ग्रामीणों के साथ बैठक कर अफीम की खेती के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया गया। थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह के नेतृत्व में आयोजित बैठक में ग्रामीणों को प्रतिबंधित फसल की खेती से होने वाले कानूनी और सामाजिक दुष्परिणामों की जानकारी दी गई।

बैठक के दौरान पुलिस ने ग्रामीणों से अफीम की खेती से पूरी तरह दूर रहने की अपील की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अफीम जैसी प्रतिबंधित फसल की खेती कानूनन अपराध है और इसमें संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

पुलिस ने ग्रामीण किसानों को अपनी जमीन पर वैध और उपयोगी फसलों की खेती करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान धान, दलहन और विभिन्न प्रकार की सब्जियों सहित क्षेत्र की परिस्थितियों के अनुकूल अन्य खाद्य फसलों की खेती को प्राथमिकता देने की सलाह दी गई।

थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह ने ग्रामीणों से कहा कि किसी भी परिस्थिति में प्रतिबंधित फसल की खेती न करें। उन्होंने ग्रामीणों से आसपास के क्षेत्रों में यदि अफीम की खेती या इससे जुड़ी किसी गतिविधि की जानकारी मिलती है, तो इसकी सूचना पुलिस को देने की अपील की।

पुलिस की ओर से कहा गया कि ऐसे जागरूकता अभियानों का उद्देश्य ग्रामीणों को प्रतिबंधित गतिविधियों से दूर रखना और उन्हें वैध कृषि गतिविधियों के प्रति प्रोत्साहित करना है। पुलिस ने ग्रामीणों से कानून का पालन करने और क्षेत्र में अवैध गतिविधियों की जानकारी मिलने पर सहयोग करने की अपील की।