जमशेदपुर: वियतनाम में सड़क हादसे में जान गंवाने वाले झारखंड के दो युवकों राजा कुमार वर्मा और विनय राय के पार्थिव शरीर शनिवार को झारखंड लाए जाएंगे। शुक्रवार को वियतनाम में दोनों को श्रद्धांजलि देने के बाद उनके पार्थिव शरीर भारत के लिए रवाना कर दिए गए।

मिली जानकारी के अनुसार, दोनों के पार्थिव शरीर शनिवार दोपहर करीब 1 बजे कोलकाता एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद सड़क मार्ग से राजा कुमार वर्मा का पार्थिव शरीर रांची और विनय राय का पार्थिव शरीर जमशेदपुर लाया जाएगा। दोनों के पार्थिव शरीर के झारखंड पहुंचने का इंतजार उनके परिजन और परिचित कर रहे हैं।

राजा के शव को भारत लाने के लिए परिजनों ने किया प्रयास

राजा कुमार वर्मा के पार्थिव शरीर को भारत लाने के लिए उनके परिजनों ने लगातार प्रयास किया। बताया गया कि राजा के एक मामा वियतनाम में मौजूद थे और उन्होंने वहां की प्रक्रिया में सहयोग किया।

वहीं, राजा कुमार के भाई ने उनके पार्थिव शरीर को भारत लाने के लिए झारखंड हाईकोर्ट में याचिका भी दायर की थी। मामले में सांसद संजय सेठ ने भी विदेश मंत्रालय से संपर्क कर दोनों के पार्थिव शरीर भारत लाने में सहयोग किया।

काफी प्रयासों के बाद शुक्रवार को वियतनाम में दोनों को श्रद्धांजलि दी गई और इसके बाद उनके पार्थिव शरीर भारत के लिए रवाना किए गए।

25 सितंबर को वियतनाम में हुआ था सड़क हादसा

बता दें कि 25 सितंबर को वियतनाम के दा-लाट शहर में सड़क हादसा हुआ था। जानकारी के अनुसार, दोनों बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर एक कार की चपेट में आ गई।

हादसे में रांची के योग शिक्षक राजा कुमार वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल जमशेदपुर के विनय राय ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था।

बताया गया कि दोनों अपना काम खत्म करने के बाद संस्थान लौट रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हुआ। घटना की जानकारी मिलने के बाद दोनों के परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई।

झारखंड पहुंचने के बाद अंतिम संस्कार की तैयारी

अब दोनों के पार्थिव शरीर शनिवार को कोलकाता पहुंचने के बाद सड़क मार्ग से झारखंड लाए जाएंगे। राजा कुमार वर्मा का पार्थिव शरीर रांची और विनय राय का पार्थिव शरीर जमशेदपुर पहुंचाया जाएगा।