धनबाद विश्वकर्मा प्रोजेक्ट में दर्दनाक हादसा, होलपैक खाई में गिरने से चालक की मौत मुआवजा-नौकरी की मांग पर प्रदर्शन
धनबाद : धनसार थाना क्षेत्र अंतर्गत विश्वकर्मा
प्रोजेक्ट में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। कार्य के दौरान एक होलपैक
अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। हादसे में होलपैक चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान ललन नुनिया के रूप में बताई जा
रही है। वह मूल रूप से बिहार के औरंगाबाद जिले के नवीनगर के रहने वाले थे और
वर्तमान में धनबाद के भूली इलाके में रह रहे थे। हादसे
की सूचना के बाद शनिवार की सुबह यूनियन के कर्मियों ने शव को घटनास्थल पर रखकर
विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। यूनियन नेताओं और कर्मियों ने कार्यस्थल की सुरक्षा
व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि पर्याप्त सेफ्टी उपकरण और सुरक्षा
इंतजाम के बिना मजदूरों से काम कराया जा रहा है। उनका कहना है कि सुरक्षा मानकों
में कथित लापरवाही के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। प्रदर्शन
कर रहे कर्मियों ने मृतक के आश्रितों के लिए उचित मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को नौकरी और कॉरपोरेट इंश्योरेंस के तहत
एक करोड़ रुपये की सहायता देने की मांग की। इसके अलावा मृतक के
आश्रित बेटे की पढ़ाई और योग्यता के अनुसार तत्काल नियोजन देने की मांग भी रखी गई। यूनियन
कर्मियों का कहना है कि जब तक मृतक के परिवार को उचित मुआवजा, नियोजन और अन्य मांगों को लेकर प्रबंधन
की ओर से सकारात्मक पहल नहीं की जाती, तब तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। वहीं,
घटना को लेकर प्रबंधन का पक्ष जानने का
प्रयास किया गया, लेकिन
खबर लिखे जाने तक प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया था। हादसे के
बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है और यूनियन कर्मी अपनी मांगों को लेकर
प्रदर्शन कर रहे हैं।














