औरंगाबाद: सावन माह में बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले लाखों कांवड़ियों की संभावित भीड़ को देखते हुए पूर्व मध्य रेलवे के पंडित दीन दयाल उपाध्याय (DDU) मंडल ने श्रावणी मेला 2026 के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। 30 जुलाई से 28 अगस्त तक चलने वाले मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए मंडल मुख्यालय में विशेष वार रूम स्थापित किया गया है, जहां से प्रमुख रेलवे स्टेशनों की 24 घंटे निगरानी की जाएगी।

मंडल रेल प्रबंधक के निर्देश पर पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, गया, भभुआ रोड, सासाराम, डेहरी ऑन सोन और अनुग्रह नारायण रोड सहित अधिक यात्री दबाव वाले स्टेशनों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। यात्रियों की संख्या बढ़ने की स्थिति में अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन के लिए स्टैंडबाय रेक भी तैयार रखे गए हैं।

सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए रेलवे ने प्लेटफॉर्म, बुकिंग काउंटर, फुट ओवर ब्रिज तथा प्रवेश-निकास मार्गों पर आरपीएफ, जीआरपी और वाणिज्य विभाग के अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की है। सभी प्रमुख स्टेशनों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जाएगी।

इसके अलावा यात्रियों की सुविधा के लिए बैरिकेडिंग, कतार प्रबंधन और लाउडस्पीकर के जरिए समय-समय पर आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए जाएंगे।

यात्रियों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान

रेलवे प्रशासन ने वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है। प्रमुख स्टेशनों पर 'May I Help You' बूथ और 24 घंटे यात्री सहायता केंद्र सक्रिय रहेंगे।

इसके साथ ही स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई, शौचालय, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, डिजिटल सूचना प्रणाली, खानपान और प्राथमिक चिकित्सा सेवाओं की नियमित निगरानी की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

रेल प्रशासन ने मेला अवधि के दौरान सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को चौबीसों घंटे सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए विशेष निगरानी एवं त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था लागू की गई है।

रेलवे का कहना है कि श्रावणी मेला 2026 के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।