राबड़ी देवी के पुराने 10 सर्कुलर रोड बंगले का बदला रंग, हरे से भगवा हुआ मेन गेट
पटना :बिहार की राजनीति में एक बार फिर 10 सर्कुलर रोड स्थित पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के पुराने
सरकारी आवास की चर्चा तेज हो गई है। इस बार वजह बंगले का रंग बदलना है।
लंबे समय तक राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र रहे इस
बंगले के मुख्य द्वार को अब
हरे रंग से भगवा रंग में रंग दिया गया है। जानकारी के अनुसार, बिहार सरकार के
मंत्री नंदकिशोर राम
को यह वीआईपी श्रेणी का सरकारी आवास
आवंटित किए जाने के बाद बंगले के बाहरी और अंदरूनी हिस्सों में व्यापक बदलाव किए
जा रहे हैं। सबसे पहले मुख्य गेट का रंग बदला गया,
जिसके बाद पूरे परिसर के नवीनीकरण का
कार्य जारी है। बताया जा रहा है कि नए आवंटन के बाद
दीवारों के रंग, कमरों की साज-सज्जा और अन्य संरचनात्मक बदलाव भी मंत्री की
आवश्यकताओं के अनुरूप किए जा रहे हैं। गौरतलब है कि करीब दो दशक पहले जब
राबड़ी देवी को यह सरकारी आवास मिला था,
तब परिसर को उनकी पार्टी के प्रतीक रंग हरे
में रंगवाया गया था। अब सत्ता परिवर्तन
के बाद बंगले का रंग बदलने को लेकर राजनीतिक हलकों में विभिन्न तरह की चर्चाएं हो
रही हैं। यह मामला पहले से चल रहे 10
सर्कुलर रोड बनाम 39 हार्डिंग
रोड बंगला विवाद के कारण भी चर्चा में रहा है। बिहार सरकार ने पूर्व
मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को 10 सर्कुलर रोड खाली कर
39 हार्डिंग रोड
स्थित आवास आवंटित किया था। इस प्रक्रिया
को लेकर सरकार और राजद के बीच लंबे समय तक राजनीतिक बयानबाजी होती रही। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि
सरकारी आवास के रंग में बदलाव केवल सौंदर्यीकरण का विषय नहीं, बल्कि इसे राज्य की
बदलती राजनीतिक परिस्थितियों के प्रतीक के रूप में भी देखा जा रहा है। हालांकि, इस पर अलग-अलग
राजनीतिक दलों की अपनी-अपनी व्याख्या है।















