पटना: बिहार की राजधानी पटना को अब लोग आसमान से बर्ड्स आई व्यूमें देख सकेंगे। बिहार हेली टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना-2026 के तहत हेलीकॉप्टर जॉय राइड सेवा शुरू हो गई है। पहले दिन 20 लोगों ने हेलीकॉप्टर से पटना शहर का हवाई नजारा देखा, जबकि करीब 80 लोगों द्वारा एयर राइड के लिए सीटें बुक कराए जाने की जानकारी है।

यह सेवा प्रत्येक सप्ताह शनिवार और रविवार को संचालित की जाएगी। योजना का उद्देश्य पर्यटकों और आम नागरिकों को पटना के प्रमुख स्थलों का आसमान से दीदार कराने के साथ बिहार में हेली और एयर टूरिज्म को बढ़ावा देना है।

₹2100 में 10 मिनट की हेलीकॉप्टर जॉय राइड

पटना जॉय राइड के लिए प्रति व्यक्ति 2100 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। करीब 10 मिनट की इस हवाई यात्रा में यात्री गंगा नदी, जेपी गंगा पथ और तख्त श्री हरिमंदिर साहिब समेत पटना के कई प्रमुख स्थलों को आसमान से देख सकेंगे।

जॉय राइड शनिवार और रविवार को दोपहर 3 बजे के बाद संचालित होगी। प्रत्येक राइड करीब 10 मिनट की होगी और लगभग 30 मिनट के अंतराल पर अगली उड़ान संचालित किए जाने की योजना है। एक हेलीकॉप्टर राइड में एक बार में पांच यात्री सफर कर सकेंगे।

बिहार में हेली टूरिज्म को बढ़ावा देने की तैयारी

राज्य सरकार का मानना है कि हेली टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म योजना से बिहार के पर्यटन क्षेत्र में नई संभावनाएं पैदा होंगी। इसके जरिए धार्मिक, ऐतिहासिक, प्राकृतिक और सांस्कृतिक पर्यटन स्थलों तक हवाई कनेक्टिविटी विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है।

योजना में पटना के अलावा बिहार के प्रमुख पर्यटन स्थलों राजगीर, वाल्मीकिनगर और कैमूर स्थित मुंडेश्वरी मंदिर को भी शामिल किया गया है। हालांकि शुरुआती चरण में इन स्थलों के लिए बुकिंग को लेकर यात्रियों की प्रतिक्रिया अपेक्षाकृत धीमी बताई जा रही है।

वाल्मीकिनगर के लिए भी हवाई सेवा

पटना-वाल्मीकिनगर-पटना सेवा शनिवार और रविवार को संचालित किए जाने की योजना है। इसके लिए राजकीय विमान का इस्तेमाल किया जाएगा, जिसमें करीब 20 यात्रियों के बैठने की क्षमता बताई गई है। वहीं राजगीर और कैमूर के लिए हेलीकॉप्टर सेवा उपलब्ध कराने की योजना है।

सरकार को उम्मीद है कि हवाई पर्यटन की इस पहल से बिहार आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों को नया अनुभव मिलेगा और राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों की पहुंच भी आसान होगी।