खगड़िया:  बिहार के खगड़िया जिले में देर रात वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस और संदिग्धों के बीच हुई झड़प के बाद मुठभेड़ की घटना सामने आई है। पुलिस के अनुसार, बेलदौर थाना क्षेत्र के सकरोहर कुर्वन मार्ग पर वाहन जांच के दौरान बाइक सवार तीन संदिग्धों ने पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई की और एक दारोगा की सरकारी पिस्टल छीनकर भागने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस की कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

खगड़िया एसपी भानु प्रताप सिंह के मुताबिक, बेलदौर थाना पुलिस देर रात सकरोहर-कुर्वन मार्ग पर वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन लोगों को रोककर पुलिस ने जांच और पूछताछ शुरू की।

पुलिस का दावा है कि जांच के दौरान तीनों युवक पुलिसकर्मियों से उलझ गए और हाथापाई करने लगे। इसी दौरान एक पुलिस अधिकारी की सरकारी पिस्टल छीनकर तीनों मौके से भागने लगे। घटना के बाद पुलिस टीम ने उनका पीछा किया और आरोपियों को पकड़ने के लिए कार्रवाई शुरू की।

पुलिस के अनुसार, पीछा करने के दौरान अखिलेश सदा नामक आरोपी को घेर लिया गया। आरोप है कि खुद को घिरा देखकर उसने पुलिस पर हमला करने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई की, जिसमें अखिलेश सदा के पैर में गोली लगी।

गोली लगने के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर इलाज के लिए खगड़िया सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। वहीं, उसके अन्य साथी मौके से फरार होने में सफल रहे।

पुलिस फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। साथ ही वाहन चेकिंग के दौरान हुई पूरी घटना और पुलिस मुठभेड़ से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।