देवघर: जिले के मोहनपुर प्रखंड अंतर्गत बलथार पंचायत के मुखिया के आवास पर शनिवार सुबह आयकर विभाग (इनकम टैक्स) की टीम ने छापेमारी की। इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और दिनभर लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।

जानकारी के अनुसार, आयकर विभाग की टीम ने बलथार पंचायत स्थित मुखिया के आवास के अलावा बैजनाथपुर इलाके में भी एक साथ कार्रवाई की। अधिकारी सुबह से ही सुरक्षा व्यवस्था के बीच संबंधित परिसरों में पहुंचे और दस्तावेजों, वित्तीय लेन-देन तथा अन्य अभिलेखों की गहन जांच शुरू कर दी।

छापेमारी के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। स्थानीय पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया और जांच प्रभावित न हो, इसके लिए बाहरी लोगों के प्रवेश पर भी रोक लगा दी गई। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल के आसपास जुटे रहे, लेकिन किसी को भी जांच स्थल के निकट जाने की अनुमति नहीं दी गई।

फिलहाल आयकर विभाग की ओर से इस कार्रवाई के कारणों या जांच के दायरे को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है। टीम के अधिकारियों ने भी जांच पूरी होने तक किसी भी तरह की टिप्पणी करने से परहेज किया।

समाचार लिखे जाने तक आयकर विभाग की कार्रवाई जारी थी। अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि जांच के दौरान कोई महत्वपूर्ण दस्तावेज, नकदी या अन्य सामग्री बरामद हुई है या नहीं। अधिकारियों के आधिकारिक बयान के बाद ही पूरे मामले की स्थिति साफ हो सकेगी।