पटना: बिहार की राजधानी पटना की चर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान शांतिपूर्ण माहौल में जारी है। मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ, जो शाम 6 बजे तक चलेगा। निर्वाचन आयोग के अनुसार, दोपहर 1 बजे तक 20.01 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इससे पहले सुबह 11 बजे तक मतदान का प्रतिशत 11.50 था।

मतदान के दौरान पीरबहोर थाना क्षेत्र में वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने एक फॉर्च्यूनर कार से ₹1.17 लाख नकद बरामद किया। सूचना के अनुसार, पुलिस को आशंका थी कि चुनाव को प्रभावित करने के उद्देश्य से नकदी ले जाई जा रही है। जांच के दौरान कार में सवार रामकृष्णा नगर निवासी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। युवक ने प्रारंभिक पूछताछ में दावा किया कि वह निजी कार्य के लिए यह राशि लेकर जा रहा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

इसी दौरान मतदान केंद्र संख्या-366 के पास पुलिस ने एक कथित शराब तस्कर को भी गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से शराब बरामद होने के बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

वहीं, मतदान के दौरान बूथ संख्या 101, 103, 106, 107 और 108 पर हंगामे के आरोप भी सामने आए। जनसुराज पार्टी के समर्थकों ने आरोप लगाया कि भाजपा के पूर्व प्रत्याशी बंटी अपने समर्थकों के साथ बूथों के आसपास मौजूद थे और मतदाताओं को प्रभावित करने का प्रयास कर रहे थे। पार्टी का यह भी आरोप है कि कुछ मतदाताओं को मतदान केंद्र तक पहुंचने से रोकने की कोशिश की गई। हालांकि, इन आरोपों पर संबंधित पक्ष की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

PNT कॉलोनी में भी जनसुराज के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया और चुनाव अधिकारियों से शिकायत करने की बात कही। पुलिस के अनुसार, मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया और मतदान सामान्य रूप से जारी है।

इस बीच, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. सी.पी. ठाकुर और सांसद विवेक ठाकुर ने डाकबंगला रोड स्थित मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने मतदाताओं से लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की।

बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल 3,79,471 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 2,00,060 पुरुष, 1,79,533 महिला और 23 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। निर्वाचन आयोग ने मतदान के लिए 422 मतदान केंद्र बनाए हैं, जिनमें 247 सरकारी और 175 निजी भवनों में बूथ स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा 9 चलंत मतदान केंद्र भी बनाए गए हैं।

निर्वाचन आयोग ने सभी मतदान केंद्रों पर लाइव स्ट्रीमिंग की व्यवस्था की है। जिला प्रशासन और निर्वाचन आयोग कंट्रोल रूम के माध्यम से पूरे मतदान की निगरानी कर रहे हैं