पांकी के आसेहार स्कूल में चोरों का आतंक, आईसीटी लैब को बनाया निशाना
पांकी (पलामू)। जिले के पांकी थाना क्षेत्र स्थित स्तरोन्नत उच्च विद्यालय आसेहार में चोरी की एक और घटना सामने आई है। चोरों ने विद्यालय के आईसीटी लैब को निशाना बनाते हुए छह कंप्यूटर सेट चोरी कर लिए। सोमवार को विद्यालय खुलने पर लैब के कमरे की कुंडी टूटी हुई मिली। जांच करने पर अंदर रखे छह कंप्यूटर सेट गायब पाए गए। विद्यालय में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी दो बार स्कूल में लाखों रुपये के सामान की चोरी हो चुकी है। पूर्व की घटनाओं में प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद अब तक उनका खुलासा नहीं हो पाने से पुलिस की कार्रवाई और विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। ताजा घटना की जानकारी मिलने के बाद विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों में चिंता बढ़ गई है। आईसीटी लैब से कंप्यूटर सेट चोरी होने से विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों पर भी असर पड़ने की आशंका है। विद्यालय प्रबंधन और स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मामले का जल्द खुलासा करने, चोरी गए कंप्यूटरों की बरामदगी और पूर्व की चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बीच अब सवाल यह है कि विद्यालय की सुरक्षा के लिए क्या कदम उठाए जाएंगे और पुलिस कब तक इन मामलों का खुलासा कर पाती है।















