आरा: भोजपुर  बिहार के भोजपुर जिले के आरा में एक बार फिर मंदिर से प्राचीन मूर्तियों की चोरी का मामला सामने आया है। अगिआंव बाजार थाना क्षेत्र के पीटरो गांव स्थित राम-जानकी मंदिर से चोरों ने करीब 115 साल पुरानी अष्टधातु की राम, जानकी और लक्ष्मण की तीन मूर्तियां चोरी कर लीं। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

मंदिर के पुजारी महंत रामसूरत सिंह ने बताया कि शनिवार रात भगवान को भोग लगाने के बाद मंदिर बंद कर वे अपने घर चले गए थे। रविवार तड़के जब मंदिर खोलने पहुंचे तो देखा कि गर्भगृह का गेट टूटा हुआ था।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चोरों ने पहले गेट का ताला काटने की कोशिश की। जब इसमें सफलता नहीं मिली तो लोहे की रॉड की मदद से कुंडी उखाड़कर गेट तोड़ दिया और गर्भगृह में प्रवेश कर अष्टधातु की तीनों प्राचीन मूर्तियां चोरी कर लीं।

इतना ही नहीं, चोरों ने मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे को भी क्षतिग्रस्त कर दिया और डीवीआर/हार्ड डिस्क भी अपने साथ ले गए, ताकि घटना के साक्ष्य मिटाए जा सकें।

घटना की सूचना मिलते ही अगिआंव बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस मंदिर और आसपास के इलाकों में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।

गौरतलब है कि इसी मंदिर में वर्ष 2013 में भी मूर्ति चोरी की घटना हुई थी। उस समय बदमाशों ने तत्कालीन महंत की हत्या कर मूर्तियां चुरा ली थीं। बाद में चोरी गई मूर्तियां बरामद कर न्यायालय की प्रक्रिया के बाद वर्ष 2019 में पुनः मंदिर में स्थापित की गई थीं।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और चोरों की तलाश जारी है।