बलरामपुर:  पुरुलिया-जमशेदपुर NH-18 पर सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन बाइक सवार युवकों की मौत हो गई। हादसा रात करीब साढ़े आठ बजे झारखंड-बंगाल सीमा से सटे बलरामपुर थाना क्षेत्र के दांतिया आउटपोस्ट के पास हुआ।

पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, तीन युवक एक ही बाइक पर सवार होकर बलरामपुर की ओर से जमशेदपुर की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान दांतिया आउटपोस्ट के पास विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही एक छोटी चार पहिया गाड़ी से बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही बलरामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को बांसगढ़ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने शिवम गोप (27 वर्ष) और लुकेश गोप (27 वर्ष) को मृत घोषित कर दिया। दोनों झारखंड के नीमडीह थाना क्षेत्र के जुगिलांग गांव के रहने वाले थे।

वहीं, तीसरे बाइक सवार स्वपन गोप की हालत गंभीर होने पर उसे पुरुलिया स्थित देवेन महतो गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान स्वपन गोप की भी मौत हो गई।

हादसे में चार पहिया वाहन में सवार बलरामपुर शहर निवासी एकलाख हाशमी और तासीम अंसारी भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को बांसगढ़ अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।

पुलिस हादसे की जांच में जुटी है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दुर्घटना के समय चार पहिया वाहन में और कितने लोग सवार थे। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

इस दर्दनाक सड़क हादसे के बाद बलरामपुर और नीमडीह थाना क्षेत्र में शोक का माहौल है।