तीनपहाड़ में दुर्गापूजा को लेकर पुलिस मुस्तैद, थाना प्रभारी गौरव भगत ने पूजा पंडालों का किया निरीक्षण
तीनपहाड़ साहिबगंज : आगामी दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर तीनपहाड़ थाना पुलिस पूरी तरह मुस्तैद हो गई है। इसी कड़ी में थाना प्रभारी गौरव भगत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने पंडालों की सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं के आवागमन के रास्ते और सुरक्षा मानकों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पुलिस टीम ने पूजा पंडालों के आसपास की व्यवस्थाओं को देखा और पूजा समितियों को सुरक्षा से जुड़े आवश्यक निर्देश दिए। इसके साथ ही दुर्गापूजा के दौरान होने वाले विसर्जन को लेकर विसर्जन रूट का भी भौतिक सत्यापन किया गया, ताकि विसर्जन के दिन यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। थाना प्रभारी गौरव भगत ने विभिन्न पूजा समितियों के अध्यक्ष, सचिव और सदस्यों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पूजा पंडालों और आसपास के क्षेत्रों में सतर्कता बरतने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी पूजा पंडालों में और उसके आसपास CCTV कैमरे चालू स्थिति में लगाए जाएं। पूजा के दौरान हुड़दंग करने, शांति भंग करने या अफवाह फैलाने वालों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। पुलिस ने पूजा समितियों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि, अफवाह या शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाली घटना की जानकारी तुरंत तीनपहाड़ थाना पुलिस को दें। पुलिस की ओर से दुर्गापूजा के दौरान क्षेत्र में लगातार निगरानी रखने की बात कही गई है। प्रशासन ने सभी पूजा समितियों से सरकारी गाइडलाइंस का पालन करने और पुलिस-प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने की अपील की है। पुलिस का उद्देश्य दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखना है।पूजा समितियों के साथ बैठक कर दिए निर्देश
संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील














