इटली की PM जॉर्जिया मेलोनी ने बनाया इतिहास, सबसे लंबे समय तक पद पर रहने वाली PM बनीं, मोदी ने दी बधाई
नई दिल्ली: इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने देश के युद्धोत्तर इतिहास में लगातार सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री पद पर रहने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। मेलोनी की सरकार ने 1,413 दिन पूरे कर यह उपलब्धि हासिल की और पूर्व प्रधानमंत्री सिल्वियो बर्लुस्कोनी के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। इस खास उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी इतालवी समकक्ष जॉर्जिया मेलोनी को बधाई दी। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर उन्हें अपना ‘मित्र’ बताते हुए कहा कि यह उपलब्धि इटली के लोगों के उनके नेतृत्व पर भरोसे और विश्वास को दर्शाती है। पीएम मोदी ने अपने संदेश में भारत-इटली संबंधों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मेलोनी की मित्रता ने भारत-इटली विशेष रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है। प्रधानमंत्री ने दोनों देशों के लोगों के लिए समृद्ध भविष्य बनाने की दिशा में करीबी सहयोग जारी रखने की उम्मीद जताई और मेलोनी को आने वाले वर्षों में सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। जॉर्जिया मेलोनी 22 अक्टूबर 2022 को इटली की प्रधानमंत्री बनी थीं। 4 सितंबर 2026 को उनकी सरकार ने लगातार 1,413 दिन पूरे किए, जिसके साथ वह द्वितीय विश्व युद्ध के बाद इटली में सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री रहने वाली नेता बन गईं। मेलोनी इटली की पहली महिला प्रधानमंत्री भी हैं। उनकी सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री सिल्वियो बर्लुस्कोनी की जून 2001 से अप्रैल 2005 तक चली दूसरी सरकार के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा है। द्वितीय विश्व युद्ध के बाद इटली की राजनीति में सरकारों के बार-बार बदलने का इतिहास रहा है। ऐसे राजनीतिक माहौल में मेलोनी सरकार का लगातार इतने लंबे समय तक सत्ता में बने रहना महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मेलोनी ने इस उपलब्धि पर कहा कि स्थिरता सिर्फ रिकॉर्ड बनाने की चीज नहीं है, बल्कि यह देश को योजनाएं बनाने, फैसले लेने और अपनी प्रतिबद्धताओं को पूरा करने में सक्षम बनाने वाली स्थिति है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इसी साल भारत में एक महत्वपूर्ण राजनीतिक रिकॉर्ड बनाया था। 10 जून 2026 को वह भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बने। उन्होंने लगातार 4,399 दिन प्रधानमंत्री पद पर रहने की उपलब्धि हासिल की।पीएम मोदी ने मेलोनी को दी बधाई
1,413 दिन तक लगातार सत्ता में रहने का रिकॉर्ड
इटली की राजनीति में क्यों खास है यह उपलब्धि?
पीएम मोदी भी बना चुके हैं ऐसा रिकॉर्ड














