नारायणपुर में चार पहिया वाहन की टक्कर से चौकीदार समेत दो घायल, दोनों को जामताड़ा सदर अस्पताल रेफर
नारायणपुर: नारायणपुर थाना क्षेत्र के दुलाडीह के समीप शुक्रवार को सड़क दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान मिरगा गांव निवासी लटलू तुरी (60 वर्ष) और लक्ष्मण तुरी (40 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों आपस में चाचा-भतीजा हैं। लक्ष्मण तुरी नारायणपुर थाना क्षेत्र में चौकीदार के पद पर कार्यरत बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, दोनों चाचा-भतीजा मोटरसाइकिल से मिरगा गांव से पांडेडीह की ओर जा रहे थे। इसी दौरान दुलाडीह के समीप विपरीत दिशा से आ रहे एक चार पहिया वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नारायणपुर पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया। दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें सदर अस्पताल, जामताड़ा रेफर कर दिया। फिलहाल दोनों घायलों का इलाज जारी है। दुर्घटना के बाद टक्कर मारने वाले चार पहिया वाहन और उसके चालक के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।विपरीत दिशा से आ रहे वाहन ने मारी टक्कर
ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल














