दिल्ली के बेगमपुर में 700 रुपये के विवाद में युवक की चाकू घोंपकर हत्या, 3 आरोपी गिरफ्तार
नई दिल्ली: दिल्ली के बेगमपुर इलाके में महज 700 रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान मुकेश यादव के रूप में हुई है। वह एक लैब में काम करता था। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मुकेश का भाई सतीश कबाड़ बीनने का काम करता है। उसने आरोपी सचिन से 700 रुपये उधार लिए थे। 9 अगस्त को इसी रकम को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद के दौरान सचिन ने मुकेश पर चाकू से हमला कर दिया। घायल मुकेश को इलाज के लिए अग्रवाल अस्पताल ले जाया गया। वहां से डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए एम्स रेफर कर दिया। इलाज के दौरान रात करीब 2:18 बजे मुकेश की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद बेगमपुर थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। रोहिणी के डीसीपी शशांक जायसवाल के अनुसार, पुलिस ने CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। पुलिस ने इलाके के एक OYO होटल और लॉज में छापेमारी कर सचिन, पंकज और अभिषेक को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू, मोबाइल फोन और खून से सने कपड़े भी बरामद किए हैं। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वारदात में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं। तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।














