आंध्र प्रदेश: आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले के राप्टाडु स्थित जिला परिषद हाई स्कूल में एक युवक ने 10वीं कक्षा की छात्रा पर पेड़ की डालियां काटने वाली धारदार आरी से हमला कर दिया। स्कूल परिसर में हुई इस घटना में एक अन्य छात्रा भी घायल हो गई। गंभीर रूप से घायल छात्रा को इलाज के लिए अनंतपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई।

क्लासरूम में घुसकर किया हमला

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी स्कूल परिसर में दाखिल हुआ और क्लासरूम में छात्रा पर हमला कर दिया। इस दौरान छात्रा के चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आईं। दूसरी छात्रा भी इस घटना में घायल हुई है, जिसे चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई। फिलहाल मुख्य छात्रा का अस्पताल में इलाज जारी है।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, अभी तक हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी स्कूल परिसर में कैसे पहुंचा।

मुख्यमंत्री ने छात्रा की मां से की बात

मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने घटना पर दुख और नाराजगी जताते हुए अधिकारियों से घायल छात्रा की स्थिति और इलाज की जानकारी ली। उन्होंने मेडिकल टीम को छात्रा को प्राथमिकता के आधार पर बेहतर इलाज उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने घायल छात्रा की मां से फोन पर बात कर परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिया। उन्होंने स्थानीय विधायक परिताला सुनीता से भी चिकित्सा व्यवस्था की जानकारी ली और दूसरी घायल छात्रा के इलाज पर ध्यान देने का निर्देश दिया।

नारा लोकेश ने भी जताई नाराजगी

आंध्र प्रदेश के मंत्री नारा लोकेश ने भी घटना की निंदा की। उन्होंने कहा कि स्कूल पढ़ाई और सुरक्षा के केंद्र होते हैं। ऐसे स्थान पर छात्राओं के साथ इस तरह की घटना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

छात्राओं की सुरक्षा पर उठे सवाल

स्कूल के क्लासरूम में हुई इस घटना ने शैक्षणिक संस्थानों में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस हमले के कारणों और स्कूल परिसर में आरोपी के प्रवेश से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।

झारखंड की ताज़ा खबरें