रामगढ़ में विधानसभा की अनागत प्रश्न क्रियान्वयन समिति की समीक्षा बैठक, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश
रामगढ़: झारखंड विधानसभा की अनागत प्रश्न क्रियान्वयन समिति ने शनिवार को रामगढ़ जिले का दौरा किया। इस दौरान परिसदन में समिति के सभापति सुरेश पासवान और सदस्य राम सूर्या मुंडा ने विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में विधानसभा में विभिन्न विभागों से संबंधित उठाए गए प्रश्नों, उनके अनुपालन की वर्तमान स्थिति, लंबित मामलों और अब तक की गई कार्रवाई की विस्तार से समीक्षा की गई। समिति ने विभागवार जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। समिति के सभापति सुरेश पासवान ने पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि विधानसभा में सदस्यों द्वारा उठाए गए प्रश्नों को गंभीरता से लिया जाए और उनका निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े प्रश्नों का समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन सरकार एवं प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा करें। समिति के सदस्य राम सूर्या मुंडा ने कहा कि विधानसभा में उठाए जाने वाले प्रश्न आम जनता की समस्याओं और अपेक्षाओं से जुड़े होते हैं। इसलिए संबंधित विभागों को इनके प्रति संवेदनशील और जवाबदेह रहना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से विभागीय प्रतिवेदनों में सही एवं अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराने और अनुपालन की स्थिति स्पष्ट रखने की बात कही। बैठक में जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने अपने-अपने विभागों से संबंधित प्रश्नों और उनके अनुपालन की स्थिति से समिति को अवगत कराया। समिति ने जनहित से जुड़े मामलों के निष्पादन में अनावश्यक देरी नहीं करने पर जोर दिया। इस दौरान प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता बनाए रखने के साथ आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया। बैठक में जिले के विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।समय-सीमा के भीतर प्रश्नों का निष्पादन करें अधिकारी
सही और अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराने पर जोर
पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने का निर्देश














