पलामू: जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र के मनहू गांव में खेत की मेड़ पर एक नवजात शिशु मिलने से इलाके में चर्चा का माहौल है। नवजात के पास पूजा-पाठ से जुड़ी सामग्री मिलने की बात भी सामने आई है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात के साथ उसकी मां को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। बेहतर उपचार के लिए दोनों को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) रेफर किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, मनहू गांव निवासी रवींद्र उरांव की पत्नी ने शुक्रवार रात एक बच्चे को जन्म दिया था। दंपती के पहले से चार बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियां और दो बेटे शामिल हैं। आरोप है कि जन्म के कुछ घंटे बाद नवजात को गांव के एक खेत की मेड़ पर छोड़ दिया गया। ग्रामीणों की नजर नवजात पर पड़ी तो उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, घटनास्थल के आसपास पूजा-पाठ की सामग्री भी मिली है। कुछ ग्रामीणों ने दावा किया है कि तीन महिलाएं झोले में नवजात को लेकर खेत की ओर आई थीं। हालांकि, इन दावों की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। नवजात को बलि देने की कोशिश किए जाने की आशंका भी जताई जा रही है, लेकिन पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।

मां और नवजात का इलाज जारी

छतरपुर थाना प्रभारी सौरव चौबे के मुताबिक, पुलिस ने नवजात और उसकी मां को सुरक्षित रेस्क्यू कर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में पारिवारिक कारणों की बात सामने आई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

थाना प्रभारी ने लोगों से अफवाहों से बचने और जांच पूरी होने तक अपुष्ट जानकारी प्रसारित नहीं करने की अपील की है। फिलहाल मां और नवजात का इलाज जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों और परिस्थितियों का खुलासा हो सकेगा।