मधुपुर में आवारा कुत्तों का आतंक, राहगीरों में बढ़ा डर; नगर परिषद से कार्रवाई की मांग
मधुपुर : शहर में इन दिनों आवारा कुत्तों का आतंक
लगातार बढ़ता जा रहा है। बच्चे, बुजुर्ग
और आम राहगीर इनके कारण भय के माहौल में आने-जाने को मजबूर हैं। बावजूद इसके,
मधुपुर
नगर परिषद की ओर से समस्या के समाधान को लेकर कोई ठोस पहल होती नजर नहीं
आ रही है। बताया
जाता है कि शाम होते ही शहर के विभिन्न चौक-चौराहों और गली-मोहल्लों में आवारा
कुत्ते झुंड बनाकर घूमने लगते हैं। राहगीरों को देखते ही भौंकना, पीछे दौड़ना और काटने का प्रयास करना आम
होता जा रहा है। इससे पैदल चलने वाले लोगों, खासकर बच्चों और बुजुर्गों में डर बना
रहता है। स्थानीय
लोगों का कहना है कि कई इलाकों में शाम के समय अकेले आने-जाने में परेशानी होती
है। आवारा कुत्तों के झुंड के कारण कई लोग रास्ता बदलकर जाने को मजबूर हो जाते
हैं। लोगों
ने नगर परिषद प्रशासन से जल्द उचित कार्रवाई कर आवारा कुत्तों की समस्या का समाधान
करने और शहरवासियों को सुरक्षित माहौल
उपलब्ध कराने की मांग की है।















