रांची: राजधानी रांची में छात्राओं की निजता से खिलवाड़ का गंभीर मामला सामने आया है. कोतवाली थाना क्षेत्र के हरमू रोड स्थित एक राइफल शूटिंग क्लब के चेंजिंग रूम और बाथरूम में कथित तौर पर गुप्त कैमरे लगाए जाने का आरोप है. मामला सामने आने के बाद क्लब में हंगामा मच गया. सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए क्लब के ट्रेनर सचिन कुमार को गिरफ्तार कर लिया.

चेंजिंग रूम और बाथरूम में मिले गुप्त कैमरे

जानकारी के अनुसार, शूटिंग की ट्रेनिंग लेने वाली कुछ छात्राओं को चेंजिंग रूम और बाथरूम में संदिग्ध गतिविधियों का एहसास हुआ. इसके बाद जब वहां जांच की गई तो कथित तौर पर छिपाकर लगाए गए कैमरों का पता चला. कैमरे मिलने की जानकारी सामने आते ही छात्राओं और उनके परिजनों में आक्रोश फैल गया.

परिजनों और छात्राओं ने क्लब परिसर में हंगामा करते हुए पुलिस को इसकी सूचना दी. सूचना मिलते ही कोतवाली थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की.

आरोपी ट्रेनर गिरफ्तार, मोबाइल जब्त

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए क्लब के ट्रेनर सचिन कुमार को हिरासत में लिया. पुलिस के अनुसार, आरोपी के मोबाइल फोन की जांच के दौरान छात्राओं के चेंजिंग रूम और बाथरूम से रिकॉर्ड किए गए कई आपत्तिजनक वीडियो मिले हैं. इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसका मोबाइल फोन जब्त कर लिया.

फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया मोबाइल

पुलिस ने जब्त मोबाइल फोन को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है. जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि कथित तौर पर गुप्त कैमरे कब से लगाए गए थे और उनसे कितनी रिकॉर्डिंग की गई है. इसके अलावा पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि रिकॉर्ड किए गए वीडियो आरोपी ने किसी अन्य व्यक्ति के साथ साझा किए थे या उन्हें सोशल मीडिया अथवा किसी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर अपलोड किया गया था. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.