चाईबासा  पश्चिमी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष एवं जगन्नाथपुर विधायक-सह-उप मुख्य सचेतक सोनाराम सिंकु के स्वागत-अभिनंदन समारोह में बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जबरदस्त उत्साह और जोश देखने को मिला। चाईबासा स्थित कांग्रेस भवन में आयोजित समारोह में जिलेभर से बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत पोस्ट ऑफिस चौक से पारंपरिक वाद्य यंत्रों की गूंज के बीच निकाले गए भव्य स्वागत जुलूस से हुई। जुलूस में कांग्रेसजनों ने नवनियुक्त जिलाध्यक्ष सोनाराम सिंकु का गर्मजोशी से स्वागत किया।

स्वागत जुलूस शहीद राम भगवान केरकेट्टा की आदमकद प्रतिमा के समक्ष पहुंचा, जहां कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद जुलूस मुख्य मार्ग होते हुए शहीद पार्क चौक पहुंचा। यहां वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए शहीद स्मारक पर माल्यार्पण किया गया।

इसके बाद भव्य जुलूस कांग्रेस भवन पहुंचा, जहां नवनियुक्त जिलाध्यक्ष सोनाराम सिंकु का कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ, फूल-माला एवं अंगवस्त्र भेंट कर जोरदार स्वागत किया।

इस अवसर पर सोनाराम सिंकु ने कहा कि उन्हें सौंपी गई नई जिम्मेदारी का वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का सम्मान, संगठन की मजबूती और जनता के मुद्दों की लड़ाई उनकी प्राथमिकता होगी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर व्यापक अभियान चलाया जाएगा। समारोह में कार्यकर्ताओं की बड़ी भागीदारी और उत्साह ने पश्चिमी सिंहभूम में कांग्रेस संगठन की ताकत का प्रदर्शन किया।