धनबाद : सरायढेला स्थित श्रीराम सिटी अपार्टमेंट की छत पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अपार्टमेंट मालिक की ओर से लगाए गए टावर के जनरेटर हाउस में अचानक आग लग गई। जनरेटर हाउस से धुआं और आग की लपटें उठती देख अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों में हड़कंप मच गया।

घटना के बाद अपार्टमेंट के लोग तुरंत सक्रिय हो गए। सिक्योरिटी गार्ड और अन्य लोगों ने फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। साथ ही घटना की सूचना तत्काल अग्निशमन विभाग को दी गई।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके के लिए रवाना हुई, लेकिन टीम के पहुंचने से पहले ही अपार्टमेंट के लोगों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, आग जनरेटर हाउस तक ही सीमित रही और समय रहते बुझा दिए जाने के कारण इसे अपार्टमेंट के अन्य हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया।

अपार्टमेंट के लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो यह अन्य हिस्सों तक फैल सकती थी और बड़ा हादसा हो सकता था।

फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। आग की घटना में कितना नुकसान हुआ है, इसकी भी जानकारी सामने नहीं आई है। घटना के बाद कुछ देर तक अपार्टमेंट परिसर में दहशत का माहौल बना रहा।

लोगों ने जनरेटर हाउस और विद्युत उपकरणों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच कराने तथा भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।