मधुपुर में विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार? SBI अधिकारियों ने नगर परिषद अध्यक्ष से की मुलाकात
मधुपुर: मधुपुर नगर परिषद की अध्यक्ष दरक्शां परवीन से भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के अधिकारियों ने उनके कार्यालय में शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान शहर के विकास कार्यों, विभिन्न ऋण योजनाओं और बैंकिंग सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। मुलाकात के दौरान SBI के मुख्य शाखा प्रबंधक जगदीश शर्मा और उप शाखा प्रबंधक मुरारी कुमार मौजूद रहे। उन्होंने नगर परिषद अध्यक्ष दरक्शां परवीन और कार्यपालक पदाधिकारी सुरेंद्र किस्कू के साथ आवास ऋण सहित बैंक की अन्य ऋण योजनाओं पर विचार-विमर्श किया। साथ ही नगर परिषद की लंबित विकास परियोजनाओं के लिए वित्तीय सहयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। बैठक में शहर में बढ़ती आवारा कुत्तों की समस्या का मुद्दा भी उठाया गया। कार्यपालक पदाधिकारी सुरेंद्र किस्कू ने बताया कि आवारा कुत्तों के बंध्याकरण और ऑपरेशन के लिए SBI के कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) फंड से सहयोग लेने पर बातचीत हुई है। इस पर बैंक प्रबंधक ने हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। नगर परिषद अध्यक्ष दरक्शां परवीन ने कहा कि बैंक और नगर परिषद के बीच बेहतर समन्वय से शहर के विकास कार्यों को गति मिलेगी। बैठक में विभिन्न योजनाओं के माध्यम से शहर की जरूरतों को पूरा करने की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई।














