धनबाद: जिले के बाघमारा अंचल के हरिणा मौजा में 66 डिसमिल सरकारी गैरमजरुआ जमीन पर कथित कब्जे और रास्ता बंद करने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि जमीन पर जेसीबी से समतलीकरण कर प्लॉटिंग की तैयारी की जा रही है। वहीं, खेत-खलिहान तक जाने के लिए रास्ता मांगने पर सब्जी विक्रेता को जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित परिवार ने राज्यपाल से लेकर जिला प्रशासन तक शिकायत कर न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई है।

मामला बाघमारा अंचल के हरिणा मौजा संख्या-101 का है। हरिणा निवासी मतली देवी के पुत्र और पेशे से सब्जी विक्रेता तेजुलाल महतो का दावा है कि हाल खाता संख्या-245 और प्लॉट संख्या-586 की 66 डिसमिल जमीन सरकारी गैरमजरुआ खाते में दर्ज है। उनके अनुसार, सरकारी पंजी-2 और नक्शे में भी जमीन का उल्लेख है। इसके बावजूद कुछ लोगों पर जमीन को निजी संपत्ति बताकर कब्जा करने और जेसीबी से समतलीकरण कर प्लॉटिंग के जरिए खरीद-बिक्री की तैयारी करने का आरोप है।

तेजुलाल महतो के मुताबिक, इस जमीन के पीछे उनकी मां के नाम पर रैयती जमीन है, जहां तक पहुंचने के लिए पहले इसी रास्ते का इस्तेमाल किया जाता था। उनका आरोप है कि अब रास्ता बंद कर दिया गया है। जब उन्होंने अपनी जमीन और खेत-खलिहान तक जाने के लिए रास्ता मांगा, तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित परिवार का कहना है कि रास्ता बंद होने से स्थानीय ग्रामीणों को भी परेशानी हो रही है।

इस मामले में पीड़ित परिवार ने झारखंड के राज्यपाल, मुख्यमंत्री, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, धनबाद उपायुक्त, बाघमारा अंचलाधिकारी और एसडीपीओ को लिखित शिकायत दी है। परिवार ने कथित अवैध कब्जा हटाने, बंद रास्ते को खुलवाने और जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

बाइट: तेजुलाल महतो, पीड़ित रैयत परिवार

इधर, बाघमारा के अंचलाधिकारी गिरिजानंद किस्कू ने बताया कि सरकारी जमीन पर कब्जा और घेराबंदी किए जाने की शिकायत मिली है। मामले की जांच के लिए अंचल निरीक्षक को स्थल पर भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी को भी सार्वजनिक रास्ते की घेराबंदी करने का अधिकार नहीं है। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।