धनबाद: गरीबी से निकलकर आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ रहीं धनबाद और गिरिडीह की 3000 महिलाओं की सफलता का जश्न धनबाद में मनाया गया। बंधन बैंक की ओर से धनबाद विवाह भवन में ग्रेजुएशन सेरेमनी का आयोजन किया गया। इस समारोह में उन महिलाओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने लगातार दो वर्षों के सहयोग और मार्गदर्शन से अपनी आमदनी बढ़ाकर आर्थिक आत्मनिर्भरता हासिल की है।

कार्यक्रम का उद्घाटन महिला थाना प्रभारी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस पहल के तहत महिलाओं को सीधे आर्थिक सहायता देने के बजाय उनकी रुचि, क्षमता और जरूरत के अनुसार रोजगार के साधन उपलब्ध कराए जाते हैं। इसके बाद 24 महीने तक उन्हें लगातार मार्गदर्शन और सहयोग दिया जाता है।

कार्यक्रम में बंधन बैंक हेड ऑफिस के असिस्टेंट मैनेजर तोमाल पाठक ने बताया कि बैंक का रजिस्ट्रेशन वर्ष 2001 में पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में हुआ था। वर्ष 2006 से बैंक ‘टारगेटिंग द हार्डकोर पुअर’ कार्यक्रम के माध्यम से गरीब परिवारों की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रहा है। इसी पहल के तहत धनबाद और गिरिडीह की 3000 महिलाओं को सहयोग दिया गया है।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के तहत महिलाओं को उनकी रुचि और क्षमता के अनुसार रोजगार के साधन उपलब्ध कराए जाते हैं। इसके बाद 24 महीने तक उनकी प्रगति पर ध्यान दिया जाता है। जब किसी महिला की मासिक आमदनी 6000 रुपये से अधिक हो जाती है और उसे उपलब्ध कराई गई संपत्ति का मूल्य 23 हजार रुपये से ऊपर पहुंच जाता है, तब उसे कार्यक्रम के तहत ‘ग्रेजुएट’ घोषित किया जाता है।

बंधन बैंक की यह पहल केवल रोजगार उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है। इसके तहत महिलाओं में बचत की आदत विकसित करने, सुरक्षित आवास, बच्चों के टीकाकरण और शिक्षा जैसी बुनियादी जरूरतों पर भी काम किया जाता है। इन लक्ष्यों को हासिल करने के लिए 12 महत्वपूर्ण बिंदु निर्धारित किए गए हैं।

ग्रेजुएशन सेरेमनी में महिलाओं ने अपनी सफलता की कहानी साझा की। कार्यक्रम के जरिए उन महिलाओं के संघर्ष और मेहनत को सम्मान दिया गया, जिन्होंने दो वर्षों के सहयोग के बाद अपनी आर्थिक स्थिति में बदलाव लाकर आत्मनिर्भरता की नई पहचान बनाई है।