शिलान्यास के एक साल बाद भी सड़क निर्माण शुरू नहीं, कांग्रेस ने ग्रामीण कार्य विभाग पर उठाए सवाल
जमशेदपुर: पोटका
विधानसभा क्षेत्र के सोहदा पंचायत में पात्थरभांगा
से बेदाजूड़ी तक जाने वाली सड़क का एक साल पहले मरम्मत के लिए शिलान्यास
किया गया था, लेकिन
अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। सड़क की जर्जर स्थिति और जगह-जगह बने
बड़े-बड़े गड्ढों के कारण ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़
रहा है। मुख्यमंत्री
ग्राम सड़क सुदृढ़ीकरण योजना के तहत पात्थरभांगा-बेदाजूड़ी सड़क की मरम्मत स्वीकृत
है। इसका निर्माण ग्रामीण कार्य विभाग,
कार्य प्रमंडल
जमशेदपुर द्वारा कराया जाना है। कांग्रेस के जिला सचिव जयराम हांसदा और पार्टी के वरिष्ठ
नेता सुबोध सरदार ने सड़क निर्माण में
हो रही देरी पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस
नेताओं का कहना है कि शिलान्यास के एक वर्ष बाद भी सड़क निर्माण का काम धरातल पर
शुरू नहीं होना विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा करता है। सड़क की जर्जर हालत के
कारण ग्रामीणों को रोजाना आवागमन में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस
जिला सचिव जयराम हांसदा ने कहा कि शिलान्यास के बाद से अब तक सड़क पर कोई ठोस काम
नहीं हुआ है। ग्रामीण सड़क पर बने गड्ढों से होकर आवागमन करने को मजबूर हैं।
उन्होंने जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है। वहीं,
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुबोध सरदार ने
भी प्रशासन और ग्रामीण कार्य विभाग से सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग
की। उन्होंने कहा कि सड़क की बदहाल स्थिति के कारण ग्रामीणों की परेशानी लगातार
बढ़ रही है। ग्रामीणों
का कहना है कि सड़क का निर्माण जल्द शुरू होने से आवागमन की समस्या दूर होगी और
क्षेत्र के लोगों को राहत मिलेगी।















