रांची हिनू शिवा प्रोटेक्शन फोर्स ऑफिस में आग लगभग दो करोड़ का नुकसान
रांची: राजधानी रांची के हिनू इलाके में शिवा
प्रोटेक्शन फोर्स प्राइवेट लिमिटेड के कार्यालय में सोमवार सुबह अचानक आग
लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की घटना में मैनपावर एजेंसी का पूरा कार्यालय जलकर
खाक हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, घटना में करीब दो करोड़ रुपये के नुकसान की बात सामने आ रही
है। जानकारी के अनुसार,
सुबह कार्यालय से धुआं और आग की लपटें
उठती दिखाई दीं। इसके बाद आसपास के लोगों ने इसकी सूचना एजेंसी के प्रोपराइटर को
दी। आग लगने की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और इलाके में कुछ
देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना
अग्निशमन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और काफी
मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग को नियंत्रित किए जाने के बाद इसे
आसपास के अन्य हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया। आग की चपेट में आने
से कार्यालय में रखे सामान और अन्य आवश्यक सामग्री के जलने की बात सामने आई है।
कार्यालय पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। हालांकि, नुकसान का वास्तविक आकलन जांच के बाद ही
स्पष्ट हो सकेगा। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट
सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक
पुष्टि अभी नहीं हुई है। संबंधित विभाग और एजेंसी की ओर से घटना के कारणों एवं
नुकसान का आकलन किया जा रहा है।















