राजमहल जिप सदस्य रणधीर सिंह ने 16 लाख की दो विकास योजनाओं का शिलान्यास
तीनपहाड़: राजमहल क्षेत्र संख्या 10 के जिला परिषद सदस्य रणधीर
सिंह ने सोमवार को गुणिहारी पंचायत में करीब 16
लाख रुपये की लागत से
बनने वाली दो विकास योजनाओं का विधिवत शिलान्यास किया। विकास
योजनाओं के शिलान्यास से स्थानीय ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। जानकारी के अनुसार,
पहली योजना के तहत पंचायत में पीसीसी
सड़क का निर्माण कराया जाएगा। सड़क का निर्माण पूरा होने
के बाद ग्रामीणों को आवागमन में हो रही परेशानियों से राहत मिलने की उम्मीद है।
खासकर बरसात के दिनों में कीचड़ भरे रास्ते के कारण ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का
सामना करना पड़ता था। वहीं, दूसरी योजना झमझमिया काली मंदिर परिसर में जलमीनार
निर्माण से संबंधित है। स्थानीय लोगों के अनुसार, मंदिर परिसर में पेयजल की पर्याप्त
व्यवस्था नहीं होने के कारण पूजा-अर्चना के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी
होती थी। जलमीनार के निर्माण से मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ आसपास के
ग्रामीणों को भी स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। शिलान्यास समारोह को
संबोधित करते हुए जिला परिषद सदस्य रणधीर सिंह ने कहा कि राजमहल क्षेत्र संख्या 10
के अंतर्गत आने वाली सभी पंचायतों में
विकास को गति देना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास की कई
अन्य योजनाएं भी पाइपलाइन में हैं, जिन्हें
जल्द धरातल पर उतारने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि
क्षेत्र की सड़क, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं का
चरणबद्ध तरीके से समाधान करने की दिशा में काम किया जाएगा। इस अवसर पर गुणिहारी
पंचायत के मुखिया सुखवा उरांव, वार्ड सदस्य मरांग मुर्मू, ग्रामीण किशोर चौधरी, भागीरथ मंडल, मनोज कुमार साहा, घनश्याम साहा, चारुण साहा, तपन साहा और कविराज हेम्ब्रम सहित बड़ी संख्या में
ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने विकास योजनाओं के लिए जिला परिषद सदस्य के प्रति
आभार जताया।















