18 साल पूरे कर चुके युवाओं के लिए जरूरी खबर, रामगढ़ डीसी ने मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की अपील की
रामगढ़: मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के उद्देश्य से बुधवार को रामगढ़ जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल एजेंट (BLA-2) और बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) की पांचवीं बैठक आयोजित की गई। इसके साथ ही मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने के लिए 'चुनाव पाठशाला' भी लगाई गई। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त ऋतुराज ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करने का निर्देश दिया। बैठक और चुनाव पाठशाला के दौरान विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) तथा होम-टू-रोल वेरिफिकेशन प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची के सत्यापन और शुद्धिकरण पर विशेष ध्यान दिया गया। इस दौरान प्रपत्र-2 में दर्ज वैसे मतदाताओं की नामवार सूची प्रकाशित की गई, जिनकी नोटिस और सत्यापन संबंधी प्रक्रिया अब तक पूरी नहीं हुई थी। इस सूची को BLO, BLA-2 और मौजूद नागरिकों के सामने पढ़कर सुनाया गया। बैठक में मतदाता सूची में दर्ज विवरणों के मिलान, आवश्यक दस्तावेजों और सूचनाओं के संकलन तथा सत्यापन की प्रक्रिया पर चर्चा हुई। होम-टू-रोल वेरिफिकेशन के तहत मतदाताओं के वर्तमान विवरण का उपलब्ध निर्वाचन अभिलेखों से मिलान करने पर जोर दिया गया। इस दौरान BLA-2 और आम नागरिकों से जरूरी जानकारियां, सुझाव और आपत्तियां भी प्राप्त की गईं, ताकि मतदाता सूची में किसी तरह की त्रुटि न रहे। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ऋतुराज ने उन युवाओं से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की अपील की, जिन्होंने 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर ली है। उन्होंने कहा कि ऐसे युवा वोटर हेल्पलाइन एप या अपने क्षेत्र के BLO से संपर्क कर नाम जुड़वाने की प्रक्रिया पूरी करें। उन्होंने अन्य नागरिकों से भी अपील की कि यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम अब तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हुआ है, तो वे संबंधित BLO से संपर्क करें। उपायुक्त ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मतदाता सूची का शुद्ध और अद्यतन होना जरूरी है। चुनाव पाठशाला के माध्यम से नागरिकों को मतदाता सूची में नया नाम जुड़वाने, नाम और पता में सुधार कराने तथा मतदाता प्रविष्टि की स्थिति जांचने की जानकारी दी गई। इसके साथ ही SIR और होम-टू-रोल वेरिफिकेशन प्रक्रिया के महत्व को समझाते हुए लोगों से सत्यापन कार्य में सहयोग करने की अपील की गई। रामगढ़ जिला प्रशासन ने लोगों से अपने नाम और अन्य विवरणों की मतदाता सूची में जांच करने को कहा है। किसी पात्र व्यक्ति का नाम छूटने या विवरण में गलती होने पर संबंधित BLO से संपर्क कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराने की अपील की गई है। प्रशासन का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे और सूची शुद्ध, पारदर्शी तथा अद्यतन बनी रहे।SIR और मतदाता सूची के सत्यापन पर जोर
BLO और BLA-2 के बीच हुआ समन्वय
18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं से अपील
चुनाव पाठशाला में दी गई निर्वाचन संबंधी जानकारी
जिला प्रशासन ने नागरिकों से की अपील














