सरायकेला: राजनगर थाना से महज करीब 500 मीटर की दूरी पर होंडा शोरूम के समीप रविवार देर रात करीब 1 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रेलर संख्या JH10DJ 4827 ने सड़क किनारे खड़े बांस लदे ट्रक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बांस उतारने के काम में लगे एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य मजदूरों को हल्की चोटें आई हैं।

जानकारी के अनुसार, मजदूर बांस उतारने के लिए ट्रक की रस्सी खोल रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रेलर ने बांस लदे ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इसकी चपेट में आकर बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के भंडारसोल निवासी नीलकंठ जाना की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद चालक फरार

घटना की सूचना मिलते ही राजनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव के साथ दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया। वहीं, हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

रविवार सुबह करीब 9 बजे मृतक के परिजनों के घटनास्थल पर पहुंचने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला भेज दिया। हादसे की जानकारी मिलने के बाद परिवार में मातम का माहौल है।

मृतक के परिजनों ने ट्रेलर मालिक से उचित मुआवजे की मांग की है। साथ ही प्रशासन से मामले की जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की गई है।