घाटशिला में ब्राउन शुगर तस्करी का खुलासा, 13.12 ग्राम नशीला पदार्थ के साथ दो युवक गिरफ्तार
घाटशिला: पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला थाना क्षेत्र में पुलिस ने ब्राउन शुगर की कथित तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 13.12 ग्राम ब्राउन शुगर, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मामले की जानकारी देते हुए जमशेदपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक शुभम खंडेलवाल ने बताया कि 29 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली थी कि मुसाबनी से दो युवक अवैध ब्राउन शुगर की बिक्री के लिए घाटशिला थाना क्षेत्र में आने वाले हैं। सूचना के आधार पर वरीय पुलिस अधीक्षक और ग्रामीण एसपी के निर्देश पर घाटशिला एसडीपीओ विकास कुमार लागुरी के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया। छापामारी दल ने घाटशिला थाना क्षेत्र के अमायईनगर पुलिया के पास संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर दो युवकों को रोका। तलाशी लेने पर पुलिस को उनके पास से 13.12 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। इसके अलावा पुलिस ने एक काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुसाबनी के तीन नंबर हरिजन बस्ती निवासी 19 वर्षीय जय महानंद और मुसाबनी निवासी 19 वर्षीय आकर्षित कुमार, दोनों की उम्र 19 वर्ष, के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद ब्राउन शुगर आरोपियों तक कहां से पहुंची और इसके पीछे कौन सा मादक पदार्थ सप्लाई नेटवर्क सक्रिय है। पुलिस तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।पुलिया के पास पुलिस ने दोनों को पकड़ा
दोनों आरोपी गिरफ्तार
सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस














