राजमहल/साहिबगंज: राजमहल थाना क्षेत्र के जयरामडांगा गांव में जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट में 70 वर्षीय वृद्ध रूदल यादव की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। घटना के करीब दो महीने बाद पुलिस ने कांड के प्राथमिक अभियुक्त हरिकिशोर यादव को राजमहल के हाटपाड़ा बाजार से गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस के अनुसार, बीते 24 जून 2026 को जमीन विवाद को लेकर दो भाइयों के बीच मारपीट हुई थी। इसी दौरान 70 वर्षीय रूदल यादव गंभीर रूप से घायल हो गए थे और बाद में उनकी मौत हो गई थी।

बेटे के बयान पर दर्ज हुआ था मामला

मृतक के पुत्र राजदेव यादव के बयान पर राजमहल थाना में कांड संख्या 212/2026 दर्ज किया गया था। मामले में BNS की संबंधित धाराओं के तहत पुलिस ने जांच शुरू की थी।पुलिस अधीक्षक साहेबगंज को 14 अगस्त को दोपहर करीब 2:30 बजे गुप्त सूचना मिली कि मामले का आरोपी हरिकिशोर यादव राजमहल बाजार में घूम रहा है और फरार होने की कोशिश में है।

हाटपाड़ा बाजार से पुलिस ने दबोचा

सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजमहल के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम गठित की गई। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए हाटपाड़ा बाजार से हरिकिशोर यादव को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल खून से सना फरसा और लाठी भी बरामद की है।गिरफ्तार आरोपी को 15 अगस्त को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

इन पुलिसकर्मियों ने की कार्रवाई

छापामारी टीम में पु.नि. राजीव रंजन, पु.अ.नि. हुसैन अंसारी, पु.अ.नि. ओम प्रकाश चौहान, स.अ.नि. रविशंकर झा, स.अ.नि. सनातन हेम्ब्रम सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।