राहुल गांधी पर FIR के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, गुमला में पीएम मोदी का पुतला फूंका; जमकर हुई नारेबाजी
गुमला: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किए जाने के विरोध में गुमला जिला कांग्रेस कमिटी ने मंगलवार को जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्थानीय शहीद चौक पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजनील तिग्गा ने किया। पुतला दहन से पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वहीं, राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के समर्थन में भी कार्यकर्ताओं ने नारे लगाए। मौके पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजनील तिग्गा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के खिलाफ गलत तरीके से प्राथमिकी दर्ज कर कांग्रेस की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार विपक्ष की मजबूत आवाज से घबराई हुई है और मुकदमों के जरिए राहुल गांधी को डराने की कोशिश की जा रही है। राजनील तिग्गा ने कहा कि प्राथमिकी और मुकदमों के जरिए राहुल गांधी की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता राहुल गांधी के साथ मजबूती से खड़ा है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के मंचीय कार्यक्रम के बाद भाजपा और हिंदू संगठनों द्वारा मंच का कथित शुद्धिकरण किए जाने को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसी घटना पर कार्रवाई करने के बजाय राहुल गांधी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करना भाजपा की दोहरी नीति को दर्शाता है। कांग्रेस नेता ने कहा कि देश में किसी भी व्यक्ति के साथ जाति के आधार पर भेदभाव स्वीकार नहीं किया जा सकता और कांग्रेस ऐसी मानसिकता का विरोध करती रहेगी। राजनील तिग्गा ने कहा कि राहुल गांधी संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय के मुद्दों को मजबूती से उठा रहे हैं। उनके अनुसार, इसी वजह से उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी। कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी को तत्काल वापस लेने की मांग की। पुतला दहन कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष रोहित उरांव, सीता देवी, मिनहाज खान, संजीव मलानी, गुलाम सरवर, जय सिंह, साहेब वसीम, रफी अली, रूपेश कुमार सन्नी, मंसूब अंसारी, फिरोज आलम, डॉ. चंद्रकिशोर केरकेट्टा, सगीर आलम, अभिषेक सोरेंग, पंचम बिलुंग, राजदीप कुजूर, एजाज अहमद, तूरतन टोप्पो, हर्षराज एक्का, गणेश राम और मुहम्मद मकसूद आलम समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि राहुल गांधी के खिलाफ प्राथमिकी वापस लेने की मांग को लेकर पार्टी का विरोध आगे भी जारी रहेगा।‘राहुल गांधी को डराया नहीं जा सकता’: राजनील तिग्गा
हल्द्वानी की घटना का भी उठाया मुद्दा
‘संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए जारी रहेगा संघर्ष’
बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रहे मौजूद















