नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में प्याज की कीमतों और उपलब्धता को लेकर बन रहे दबाव के बीच दिल्ली सरकार ने लोगों को राहत देने की पहल की है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के मुताबिक, केंद्र सरकार दिल्ली के लिए 1000 मीट्रिक टन प्याज उपलब्ध कराएगी। इस प्याज को उचित दर दुकानों के माध्यम से उपभोक्ताओं को 35 रुपये प्रति किलो की दर से उपलब्ध कराया जाएगा।

सरकार का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य राजधानी में प्याज की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखना और आम लोगों को बढ़ती कीमतों से राहत देना है।

दिल्ली में नहीं होने देंगे प्याज का संकट

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी में प्याज का संकट पैदा नहीं होने देगी। सरकार की प्राथमिकता दिल्लीवासियों को आवश्यक खाद्य वस्तुओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ उन्हें उचित और सस्ती कीमत पर उपलब्ध कराना है।

उन्होंने कहा कि प्याज जैसी रोजमर्रा की जरूरी खाद्य वस्तु आम लोगों की पहुंच से बाहर नहीं होनी चाहिए। इसी उद्देश्य से केंद्र सरकार से उपलब्ध कराए जाने वाले प्याज को उचित दर दुकानों के जरिए लोगों तक पहुंचाया जाएगा।

13 जिलों में वैन से भी मिलेगा सस्ता प्याज

उचित दर दुकानों के अलावा दिल्ली के सभी 13 जिलों में एक-एक वैन के माध्यम से भी प्याज की बिक्री की जाएगी। ये मोबाइल वैन अलग-अलग इलाकों में जाकर लोगों को 35 रुपये प्रति किलो की दर से प्याज उपलब्ध कराएंगी।

सरकार के मुताबिक, वैन के जरिए बिक्री का उद्देश्य उन इलाकों तक भी सस्ता प्याज पहुंचाना है, जहां लोगों के लिए उचित दर की दुकानों तक पहुंचना मुश्किल हो सकता है।

आम लोगों को कीमतों से राहत देने की कोशिश

दिल्ली सरकार का कहना है कि उचित दर दुकानों और मोबाइल वैन के माध्यम से प्याज की बिक्री से राजधानी के अलग-अलग हिस्सों में इसकी उपलब्धता बढ़ेगी। इससे ज्यादा संख्या में लोगों को बाजार की कीमतों की तुलना में राहत मिल सकती है।

स्पेशल रेपोर्ट्स