पुटकी धनबाद के पुटकी स्थित भटिंडा फॉल में डूबने से चाचा-भतीजे की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक आयुष कुमार अपने जन्मदिन के मौके पर चाचा और दोस्तों के साथ भटिंडा फॉल घूमने पहुंचा था। इसी दौरान हादसा हो गया।मिली जानकारी के अनुसार, जोगता थाना क्षेत्र के श्याम बाजार निवासी आयुष कुमार अपने चाचा प्रजीत पांडेय और दोस्तों के साथ भटिंडा फॉल गया था। सभी ने वहां नाश्ता किया। इसके बाद आयुष अपने चाचा के साथ फॉल के आसपास घूमने गया।

फोटोग्राफी के दौरान पैर फिसलने की आशंका

बताया जा रहा है कि फॉल के पास संभवतः फोटोग्राफी करने के दौरान आयुष का पैर फिसल गया और वह तेज पानी के बहाव में चला गया। आयुष को बचाने के प्रयास में उसके चाचा प्रजीत पांडेय भी तेज बहाव की चपेट में आ गए।दोनों को पानी में बहता देखकर साथ आए दोस्तों ने शोर मचाया और स्थानीय लोगों को घटना की जानकारी दी।

स्थानीय गोताखोरों ने घंटों बाद निकाले शव

सूचना मिलने के बाद भटिंडा फॉल के स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे। गोताखोरों ने घंटों तक तलाश अभियान चलाया, जिसके बाद दोनों के शव पानी से बाहर निकाले गए।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।पुलिस का कहना है कि घटना की जांच-पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी।