पाकुड़: पाकुड़ सदर प्रखंड स्थित प्राइमरी स्कूल रणडांगा में विद्यालय प्रबंधन समिति के गठन को लेकर आयोजित चुनाव प्रक्रिया विवादों में घिर गई है। मतदान और मतगणना के दौरान मतों की संख्या तथा विद्यालय के रजिस्टर में दर्ज सीरियल नंबरों में अंतर सामने आने के बाद ग्रामीणों और अभिभावकों ने विरोध प्रदर्शन किया।

विद्यालय प्रबंधन समिति के गठन के लिए मतदान कराया जा रहा था। चुनाव प्रक्रिया के दौरान पर्यवेक्षक के रूप में कैलाश प्रसाद भगत मौजूद थे। मतगणना के दौरान कुल 337 पर्चियां प्राप्त हुईं, जबकि विद्यालय के रजिस्टर में केवल 331 सीरियल नंबर दर्ज पाए गए।

337 वोट और रजिस्टर में 331 सीरियल नंबर

मतों की संख्या और रजिस्टर में दर्ज संख्या में अंतर सामने आने के बाद ग्रामीणों और अभिभावकों ने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए। इसके बाद लोगों ने विद्यालय की चारदीवारी के बाहर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

ग्रामीणों और अभिभावकों ने तत्काल चुनाव प्रक्रिया को रद्द करने तथा विद्यालय प्रबंधन समिति का पुनर्गठन करने के लिए नई तिथि निर्धारित करने की मांग की।

प्रधानाध्यापक ने बीईईओ को दिया लिखित आवेदन

मामले को लेकर विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी को लिखित आवेदन भी दिया है। आवेदन में चुनाव के दौरान प्रत्येक उम्मीदवार को मिले मतों का विवरण दिया गया है।

प्रधानाध्यापक के अनुसार, हबीबुर शेख को 117 मत, सफीकुल शेख को 113 मत, एजाबुल शेख को 9 मत और सबारुल शेख को 98 मत प्राप्त हुए। इस तरह कुल मतों की संख्या 337 बताई गई है।

प्रधानाध्यापक ने अपने आवेदन में लिखा है कि मतों की कुल संख्या विद्यालय के मत रजिस्टर में दर्ज संख्या से मेल नहीं खाती है। इसी अंतर को लेकर उम्मीदवारों के बीच विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई।

जांच के बाद उचित निर्णय की मांग

प्रधानाध्यापक ने संबंधित अधिकारी से पूरे मामले की जांच-पड़ताल कराने और उचित निर्णय लेने का अनुरोध किया है।

वहीं, ग्रामीणों और अभिभावकों की मांग है कि चुनाव प्रक्रिया में सामने आए मतों के अंतर की निष्पक्ष जांच कराई जाए। उनका कहना है कि जब तक पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट नहीं होती, तब तक विद्यालय प्रबंधन समिति के गठन की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ाई जानी चाहिए।

स्पेशल रेपोर्ट्स