झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026, सुबह 6 बजे तक ड्यूटी स्थल पर पहुंचने का निर्देश: परीक्षा केंद्रों पर रहेगी कड़ी निगरानी
पाकुड़ : झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET)-2026 को शांतिपूर्ण और कदाचार मुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शनिवार को पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने पुलिस केंद्र स्थित शहीद अमरजीत बलिहार स्टेडियम में परीक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस पदाधिकारियों, जवानों, चौकीदारों और गृह रक्षक बलों को ब्रीफिंग दी। इस दौरान उन्होंने सभी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। 1 नवंबर को आयोजित होने वाली परीक्षा को लेकर हुई इस ब्रीफिंग में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पाकुड़, परिचारी प्रवर, पुलिस केंद्र सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। एसपी ने निर्देश दिया कि परीक्षा ड्यूटी में प्रतिनियुक्त सभी पुलिस पदाधिकारी और सुरक्षाकर्मी 1 नवंबर को सुबह 6 बजे तक अपने-अपने निर्धारित ड्यूटी स्थल पर पहुंचना सुनिश्चित करें। परिचारी प्रवर को सभी जवानों की समय पर तैनाती कराने और समय-समय पर औचक निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा समाप्त होने के बाद भी पुलिस बल परीक्षा केंद्रों पर तैनात रहेंगे। उनकी तैनाती तब तक जारी रहेगी, जब तक परीक्षा सामग्री कोषागार अथवा बज्रगृह के लिए रवाना नहीं हो जाती। एसपी ने संबंधित थाना और ओपी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र के परीक्षा केंद्रों और आसपास के इलाकों में लगातार भ्रमणशील रहकर विधि-व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया। वहीं, उड़नदस्ता दल को परीक्षा से एक दिन पूर्व सभी केंद्रों का भौतिक सत्यापन करने और आवश्यक कमियों को दूर कराने को कहा गया। परीक्षा के दिन भी उड़नदस्ता दल लगातार निगरानी रखेगा। परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के लिए जिला नियंत्रण कक्ष को 24 घंटे सक्रिय रखने का निर्देश दिया गया है। नियंत्रण कक्ष प्रत्येक घंटे सभी परीक्षा केंद्रों से खैरियत रिपोर्ट प्राप्त करेगा। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है।परीक्षा केंद्रों और आसपास के इलाकों में होगी निगरानी
जिला नियंत्रण कक्ष 24 घंटे रहेगा सक्रिय















