राष्ट्रीय एकता दिवस पर पाकुड़ में डीसी और एसपी ने सरदार पटेल की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
पाकुड़ : पाकुड़ से अभिषेक तिवारी की रिपोर्ट: लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को पाकुड़ के बैंक कॉलोनी स्थित उनकी प्रतिमा पर जिला प्रशासन के अधिकारियों ने माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस मौके पर उपायुक्त मेघा भारद्वाज, पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह, एसडीओ साइमन मरांडी, एसडीपीओ कुमार गौरव, नगर परिषद प्रशासक अमरेंद्र चौधरी, आईटीडीए निदेशक अरुण एक्का, भू-अर्जन पदाधिकारी अमित कुमार और नगर थाना प्रभारी जॉन मुर्मू सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने सरदार पटेल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उनके आदर्शों को अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी। उनके प्रयासों से देश की विभिन्न रियासतों का एकीकरण संभव हो सका। अधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे को बनाए रखने की प्रेरणा देता है। उन्होंने जिलेवासियों से आपसी सद्भाव, सौहार्द और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत बनाए रखने की अपील की। कार्यक्रम के माध्यम से सरदार पटेल के योगदान को याद करते हुए राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया गया।















