गम्हरिया : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र में एक महिला ने पुलिसकर्मी पर गंभीर आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि पारिवारिक विवाद की शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंचने पर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरीय अधिकारियों द्वारा जांच शुरू किए जाने की सूचना है।

दुग्धा गांव की रहने वाली पीड़िता के अनुसार, वह शुक्रवार को पारिवारिक विवाद से परेशान होकर शिकायत दर्ज कराने गम्हरिया थाना पहुंची थी। महिला ने आरोप लगाया है कि इसी दौरान उसके साथ यौन उत्पीड़न की घटना हुई।

इधर, मामले को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। हालांकि, शनिवार देर रात गम्हरिया थाना परिसर में एसडीपीओ द्वारा थाना प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मियों के साथ बंद कमरे में बैठक किए जाने की सूचना है।

सूत्रों के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों ने आंतरिक जांच शुरू कर दी है। फिलहाल महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच पूरी होने और आधिकारिक बयान सामने आने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।