देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने का लिया संकल्प, सरदार पटेल के योगदान को किया याद
जमशेदपुर: लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस मौके पर जमशेदपुर स्थित एसएसपी कार्यालय में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्रीय एकता की शपथ ली। कार्यक्रम में ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल, एएसपी ऋषभ त्रिवेदी सहित एसएसपी कार्यालय के सभी पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने के लिए स्वयं को समर्पित करने का संकल्प लिया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने देशवासियों के बीच एकता का संदेश फैलाने तथा आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ ली। शपथ के माध्यम से सरदार वल्लभभाई पटेल के दूरदर्शी नेतृत्व और देश के एकीकरण में उनके ऐतिहासिक योगदान को भी याद किया गया। सभी ने समाज में शांति, सद्भाव और सुरक्षा का वातावरण बनाए रखने तथा अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने का संकल्प दोहराया।














